हरिद्वार। शराब के नशे में वाहन चलाकर हुड़दंग मचाना और राहगीरों व महिलाओं से अभद्रता करना कुछ युवकों को भारी पड़ गया। सूचना पर बहादराबाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वैगनआर कार सवार युवकों को हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण कराया। जांच में शराब का सेवन किए जाने की पुष्टि हुई।

पुलिस के अनुसार, सफेद रंग की वैगनआर कार संख्या DL3CBC9887 में सवार युवक नशे की हालत में लापरवाही से वाहन चला रहे थे और राहगीरों व महिलाओं से बहस व अभद्रता कर रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने वाहन को रोककर युवकों को कोतवाली पहुंचाया।

मेडिकल जांच में शराब के सेवन की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 समेत अन्य सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की। नशे में वाहन चलाने पर वैगनआर को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया और नियमानुसार चालान की कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान युवकों ने अपने कृत्य पर हाथ जोड़कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी और भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करने का भरोसा दिया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे में वाहन चलाने और सड़क पर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Spread the love
error: Content is protected !!