देहरादून।देहरादून स्थित दून अस्पताल में डॉक्टरों की सतर्कता और कुशलता से तीन साल की मासूम बच्ची की जान बचा ली गई। बच्ची ने खेल-खेल में नुकीली कील निगल ली थी, जो गले से होते हुए सांस की नली के पास जाकर फंस गई।

परिजनों के अनुसार, कील फंसने के बाद बच्ची को लगातार खांसी और सांस लेने में दिक्कत होने लगी। स्थिति बिगड़ती देख परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। जांच के दौरान डॉक्टरों ने पाया कि कील श्वास नली के बेहद नाजुक हिस्से के पास अटकी हुई है, जिससे गंभीर खतरा पैदा हो गया था।

डॉक्टरों की टीम ने बिना समय गंवाए एंडोस्कोपिक प्रक्रिया से ऑपरेशन करने का निर्णय लिया। करीब तीन घंटे तक चली जटिल प्रक्रिया के बाद सावधानीपूर्वक कील को बाहर निकाल लिया गया। चिकित्सकों के अनुसार, जरा सी चूक भी बच्ची के लिए जानलेवा साबित हो सकती थी।

सफल ऑपरेशन के बाद बच्ची की हालत अब स्थिर बताई जा रही है और वह चिकित्सकीय निगरानी में है।

विशेषज्ञों ने अभिभावकों से अपील की है कि छोटे बच्चों को नुकीली या छोटी वस्तुओं से दूर रखें, क्योंकि इस तरह की घटनाएं गंभीर परिणाम ला सकती हैं।

Spread the love
error: Content is protected !!