उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने जिला क्रीड़ा अधिकारी परीक्षा-2025 का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिए हैं.

देहरादून: उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने जिला क्रीड़ा अधिकारी परीक्षा-2025 का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया है. आयोग की ओर से जारी चयन सूची में पांच अभ्यर्थियों को जगह मिली है. इनमें गौरव थपलियाल, सूरज सिंह नेगी, माधुरी जयाला, सुरेंद्र सिंह और सनंत कुमार शामिल हैं. खास बात यह है कि चयन सूची में अलग-अलग श्रेणियों के अभ्यर्थियों को जगह मिली है. गौरव थपलियाल का चयन सामान्य श्रेणी (UR) में हुआ है, जबकि सूरज सिंह नेगी भी सामान्य श्रेणी से चयनित हुए हैं.

माधुरी जयाला का चयन महिला आरक्षण के साथ सामान्य श्रेणी में हुआ है. वहीं सुरेंद्र सिंह ओबीसी और सनंत कुमार अनुसूचित जाति श्रेणी से चयनित हुए हैं.आयोग ने इस भर्ती के लिए 28 मई 2025 को विज्ञापन जारी किया था. इसके तहत 2 नवंबर 2025 को वस्तुनिष्ठ लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी. लिखित परीक्षा का परिणाम 24 फरवरी 2026 को घोषित किया गया.

इसके बाद सफल और अर्ह अभ्यर्थियों के लिए 17 नवंबर 2026 को साक्षात्कार आयोजित किया गया. लिखित परीक्षा और साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के आधार पर अंतिम चयन सूची तैयार की गई है.चयन की श्रेणीवार स्थिति के अनुसार पांच में से दो अभ्यर्थियों का चयन सामान्य श्रेणी, एक का महिला आरक्षण के तहत सामान्य श्रेणी, एक का ओबीसी और एक का एससी श्रेणी में हुआ है.

एक पद पर आउट ऑफ टर्न नियुक्ति का रास्ता साफ: इस भर्ती में एक अहम बदलाव भी हुआ है. दरअसल शुरुआत में जिला क्रीड़ा अधिकारी के छह पदों पर सीधी भर्ती होनी थी, लेकिन खेल नीति-2021 के तहत अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न नियुक्ति देने के प्रावधान के चलते एक पद को फ्रीज कर दिया गया है. शासनादेश के अनुसार सामान्य श्रेणी के इस एक पद पर पदक विजेता खिलाड़ी को आउट ऑफ टर्न नियुक्ति दी जानी है.

इसी वजह से आयोग ने पांच पदों पर ही सीधी भर्ती की प्रक्रिया पूरी की है. आयोग ने चयन परिणाम के साथ प्रतीक्षा सूची भी तैयार की है. हालांकि प्रतीक्षा सूची में शामिल अभ्यर्थियों के नाम सार्वजनिक चयन सूची में नहीं दिए गए हैं. आयोग ने इसे सीलबंद लिफाफे में चयन संस्तुति के साथ शासन और संबंधित विभाग को उपलब्ध कराने की बात कही है. इसके अलावा लिखित परीक्षा के कटऑफ अंक, अंतिम उत्तर कुंजी और साक्षात्कार के अंक भी आयोग की वेबसाइट पर जारी किए गए हैं.

Spread the love
error: Content is protected !!