देहरादून:DD News (दूरदर्शन) और All India Radio (आकाशवाणी) के वरिष्ठ पत्रकार अवधेश नौटियाल को सामाजिक सरोकारों से जुड़ी निष्पक्ष और जनहितकारी पत्रकारिता के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान बुद्धिजीवी फाउंडेशन (भारत) द्वारा नारद जयंती के अवसर पर आयोजित “पत्रकारिता का स्वरूप” विषयक गोष्ठी एवं वरिष्ठ पत्रकार सम्मान समारोह में प्रदान किया गया। इस अवसर पर समाज और राष्ट्रहित में उत्कृष्ट योगदान, निष्पक्ष पत्रकारिता, समर्पण और दीर्घकालिक सेवाओं के लिए चुनींदा वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित किया गया।
अवधेश नौटियाल पिछले दो दशकों से निर्भीक, निष्पक्ष और जनपक्षीय पत्रकारिता के माध्यम से अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। वर्ष 2017 से वह DD News और आकाशवाणी में वरिष्ठ संवाददाता के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। अपने 20 वर्षों से अधिक के मीडिया सफर में उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
उनकी पत्रकारिता केवल खबरों तक सीमित नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनने का माध्यम रही है।
कोरोना काल सहित अनेक कठिन परिस्थितियों में उन्होंने जरूरतमंद पत्रकारों और उनके परिवारों की सहायता में अग्रिम भूमिका निभाई। पत्रकारिता के साथ सामाजिक सरोकारों में उनकी सक्रिय भागीदारी उन्हें एक संवेदनशील और प्रेरणादायी व्यक्तित्व बनाती है। यह सम्मान सच्ची, जनसरोकारों वाली पत्रकारिता और मानवीय मूल्यों का सम्मान है।
