देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने महिला मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए खास रणनीति तैयार की है। पार्टी संगठन ने इसके लिए कीर्तन और नवरात्र कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं तक पहुंच बढ़ाने की योजना बनाई है और इस पूरी जिम्मेदारी महिला मोर्चा को सौंपी गई है।

महिला मतदाताओं पर खास नजर

आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में जनवरी तक कुल 84,29,459 मतदाता हैं, जिनमें से 40,64,488 महिला मतदाता हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भी महिला मतदाताओं की बड़ी भूमिका रही थी, जिसने भाजपा को रिकॉर्ड जीत दिलाने में अहम योगदान दिया था।

इसी को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए महिला मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ और मजबूत करने की रणनीति बनाई है।

कीर्तन मंडल और त्योहारों के जरिए संवाद

पार्टी संगठन ने महिला मोर्चा को निर्देश दिया है कि मंडल स्तर पर आयोजित होने वाले कीर्तन मंडलों में सक्रिय रूप से भाग लिया जाए। इन कार्यक्रमों में महिलाएं कीर्तन के साथ-साथ सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी भी साझा करेंगी।

इसके अलावा नवरात्र के नौ दिनों में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं हरियाली तीज जैसे त्योहार भी महिलाओं के साथ मिलकर मंडल स्तर तक मनाए जाएंगे, ताकि संगठन की पहुंच अधिक से अधिक महिलाओं तक हो सके।

बजट में भी महिलाओं पर विशेष ध्यान

प्रदेश सरकार ने हाल ही में पेश किए गए बजट में भी महिलाओं से जुड़ी योजनाओं के लिए जेंडर बजट में बढ़ोतरी की है। पिछले वित्तीय वर्ष में सरकार ने जेंडर बजट में 2423 करोड़ रुपये की वृद्धि करते हुए इसे 16,961.32 करोड़ रुपये किया था।

वहीं इस वर्ष इसमें 2730 करोड़ रुपये की और बढ़ोतरी करते हुए कुल 19,692.02 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस बजट में महिलाओं की सुरक्षा, विकास और पोषण से जुड़ी योजनाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है।

महिला मोर्चा निभाएगा अहम भूमिका

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए महिला मोर्चा को त्योहारों से जुड़े कार्यक्रमों की विशेष जिम्मेदारी दी गई है।

उन्होंने कहा कि मंडल स्तर तक आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की योजनाओं और कल्याणकारी कार्यों की जानकारी महिलाओं तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाएगी।

Spread the love
error: Content is protected !!