देहरादून | कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के विरोध के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने उत्तराखंड में महाआक्रोश अभियान की शुरुआत कर दी है। राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड से महिला जन आक्रोश पदयात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और महिला कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस के नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर रुख को महिलाओं के सम्मान के खिलाफ बताया है। मोर्चा का कहना है कि विपक्ष ने संसद में इस विधेयक का विरोध कर नारी शक्ति का अपमान किया है, जिसे जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
प्रदेशभर में होंगी पदयात्राएं
महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि कांग्रेस का रवैया देश की आधी आबादी के अधिकारों पर सीधा प्रहार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है, लेकिन विपक्ष ने राजनीतिक कारणों से इसका विरोध किया।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत प्रदेशभर में महिला जन आक्रोश पदयात्राएं आयोजित की जाएंगी। महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और महिला छात्रावासों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। युवतियों को नारी शक्ति वंदन अधिनियम के महत्व के बारे में जागरूक किया जाएगा।
सोशल मीडिया पर भी चलेगा अभियान
भाजपा महिला मोर्चा के अनुसार, दस दिनों तक सोशल मीडिया के माध्यम से भी अभियान चलाया जाएगा, ताकि महिलाओं की आवाज अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
अभियान में महिला जनप्रतिनिधियों, सांसदों, विधायकों, महापौरों, जिला पंचायत अध्यक्षों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और छात्राओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। रुचि भट्ट ने प्रदेश की सभी महिलाओं से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है।
