विकासनगर। नशे की लत ने दो युवकों को साइकिल चोर बना दिया। ई-रिक्शा में सवार होकर निकले दोनों आरोपियों ने हरबर्टपुर के कृष्णानगर से घर के बाहर खड़ी साइकिल चोरी कर ली। इतना ही नहीं, पूछताछ में एक अन्य साइकिल भी लेहमन रोड एटनबाग स्थित एक घर से चोरी करना कबूल किया। पुलिस ने वारदात के महज 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की दो साइकिलें और घटना में इस्तेमाल ई-रिक्शा बरामद कर लिया।
मामला हरबर्टपुर के वार्ड नंबर पांच कृष्णानगर का है। 3 सितंबर की शाम रंजना के घर के बाहर खड़ी हीरो रेंजर साइकिल अचानक गायब हो गई। अगले दिन शिकायत मिलने पर विकासनगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो एक ई-रिक्शा संदिग्ध नजर आया। फुटेज और मुखबिर तंत्र के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। 5 सितंबर को तहसील रोड से उदियाबाग की ओर चेकिंग के दौरान दानिश (29) और फिरोज (29) को चोरी की साइकिलों और ई-रिक्शा के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
नशे की पूर्ति के लिए बना डाली चोरी की योजना
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी करते हैं। कृष्णानगर से चुराई गई साइकिल के अलावा उन्होंने लेहमन रोड एटनबाग से भी एक साइकिल चोरी करना स्वीकार किया। दोनों साइकिलों को बेचकर नशे की पूर्ति करने की योजना थी, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो चोरी की साइकिलें और वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा संख्या UK16ER-1934 बरामद किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक चंद्रशेखर नौटियाल, कांस्टेबल पदम सिंह और कांस्टेबल रविंद्र चौहान शामिल रहे।
