देहरादून: राजधानी देहरादून में चोरी का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां टोटके और तंत्र-मंत्र के नाम पर घूमने वाला एक गैंग घरों को निशाना बना रहा था। डोईवाला पुलिस ने इस गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
475 CCTV कैमरों से खुला राज
नकरौंदा क्षेत्र में सोने-चांदी के जेवरों की बड़ी चोरी के बाद पुलिस हरकत में आई। जांच के दौरान करीब 475 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसके बाद इस गैंग की पहचान संभव हो पाई। लगातार ट्रैकिंग के बाद पुलिस ने आरोपियों को धर दबोचा।
टोटके के बहाने करते थे रेकी
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नींबू-मिर्च और टोटके बेचने के बहाने कॉलोनियों में घूमते थे। इस दौरान वे बंद घरों की पहचान करते और यह भी देखते कि कहां CCTV कैमरे लगे हैं। चोरी के लिए वे ऐसा समय चुनते थे जब सड़क पर भीड़ ज्यादा हो, ताकि शक कम हो।
‘सपेरा गैंग’ के तीन सदस्य गिरफ्तार
पुलिस ने बिंडलास रेजीडेंसी के पास से चोरी के सामान के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है:
कुनाल (19 वर्ष)
अलकित (22 वर्ष)
नितिन (21 वर्ष)
(तीनों निवासी: घिस्सुपुरा, पथरी, हरिद्वार)
आरोपियों ने रानीपोखरी क्षेत्र में भी चोरी की वारदातों को अंजाम देना कबूल किया है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे अनजान फेरीवालों या संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें। थोड़ी सी सतर्कता बड़े नुकसान से बचा सकती है।
