देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर पीड़ित परिवार की भावनाओं पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपनी सहमति की मुहर लगाई है। अंकिता के पिता वीरेंद्र भंडारी और माता सोनी देवी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर सीएम से मुलाकात की और बेटी की हत्या को लेकर अपनी पीड़ा, भावनाएं और अपेक्षाएं उनके सामने रखीं।
मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता उन्हें न्याय दिलाना है और उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, सरकार इस मामले में सीबीआई जांच को लेकर विधिक राय लेने पर विचार कर रही है।
करीब एक घंटे चली मुलाकात
बुधवार देर शाम मुख्यमंत्री आवास में हुई इस मुलाकात के दौरान अंकिता के माता-पिता भावुक हो गए। मुख्यमंत्री धामी ने उन्हें सांत्वना देते हुए हर परिस्थिति में परिवार के साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया। इस दौरान माता-पिता ने बेटी की हत्या से जुड़े अपने मंतव्य, कुछ व्यक्तिगत बातें और मामले से जुड़ी परेशानियां भी सीएम के सामने रखीं, जिन्हें मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता के साथ सुना।
न्याय सरकार की प्राथमिकता: सीएम
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अंकिता हत्याकांड में न्याय सुनिश्चित कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने पहले भी स्पष्ट किया है कि अंकिता के माता-पिता की भावनाओं के अनुरूप सरकार किसी भी स्तर की जांच के लिए तैयार है।
सीबीआई जांच की मांग दोहराई
मुलाकात के दौरान अंकिता के माता-पिता ने एक बार फिर पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग दोहराई। उन्होंने हाल के दिनों में इस मामले को लेकर बने माहौल पर भी अपनी नाराजगी और पीड़ा व्यक्त की। सूत्रों का कहना है कि सरकार भी अब सीबीआई जांच से इनकार की स्थिति में नहीं है।
विधिक राय के बाद होगा अंतिम फैसला
सरकार इस पूरे प्रकरण में न्यायालय के फैसले या नई जांच की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए विधिक राय लेने के बाद सीबीआई जांच पर अंतिम निर्णय ले सकती है। मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद कुछ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को भी इस चर्चा में शामिल किया गया।
