नैनीताल। भीमताल क्षेत्र में युवतियों को अपने जाल में फंसाकर कथित धर्मांतरण के आरोपों में वांछित चल रहे मो. यूनुस उर्फ ‘एमडी’ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को भीमताल पुलिस, एसआईटी और एसओजी की संयुक्त टीम ने पकड़ा। न्यायालय में पेशी के बाद उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि भीमताल के कुवांताल निवासी मो. यूनुस अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर अलग-अलग नामों से महिलाओं से संपर्क करता था। वह फोटोग्राफी, वीडियो शूट, ट्रैकिंग और म्यूजिक सेशन के माध्यम से युवतियों को पहले विश्वास में लेता और फिर उन्हें अपने प्रभाव में लेता था।
कुछ युवतियों की गंभीर शिकायतों के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की, लेकिन वह फरार हो गया था। आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर भीमताल भाजपा और व्यापार मंडल ने लगातार प्रदर्शन किए और कार्रवाई की मांग उठाई, जिससे मामले में पुलिस पर दबाव बढ़ा। इसके बाद भीमताल पुलिस, एसआईटी और एसओजी की संयुक्त टीम गठित कर आरोपी की तलाश तेज की गई।
पुलिस ने इस बहुचर्चित प्रकरण में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ मु.स. 0017/2026 के तहत 29 अप्रैल को मल्लीताल थाने में मामला दर्ज किया गया था। आरोपी पर उत्तराखंड धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 2018 की धारा 3/5 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2020 की धारा 115, 319 और 69 के तहत अभियोग पंजीकृत है।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने वर्ष 2020 में संपर्क स्थापित कर करीब 17 लाख रुपये विभिन्न उपकरणों जैसे कैमरा, लेंस और मोबाइल आदि पर खर्च कराए। इसके बाद अपनी धार्मिक पहचान छिपाकर विवाह का झांसा दिया और धीरे-धीरे धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया।
पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।
