देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत सहसपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने शंकरपुर हुकुमतपुर क्षेत्र में हुई नकबजनी की घटना का खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई ज्वैलरी बरामद की है।

 

जानकारी के अनुसार 26 मई को शंकरपुर हुकुमतपुर स्थित बालाजी कॉलोनी निवासी राज सिंह ने अज्ञात चोरों के खिलाफ घर का ताला तोड़कर जेवरात चोरी करने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर कोतवाली सहसपुर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

 

प्रभारी निरीक्षक प्रदीप सिंह रावत के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया तथा पूर्व में चोरी के मामलों में जेल जा चुके संदिग्धों से पूछताछ की। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 30 मई की रात शंकरपुर जाने वाले मार्ग पर स्थित आम के बाग से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रहमान (24 वर्ष), फैजान (22 वर्ष) और शहबान (20 वर्ष), निवासी सहसपुर क्षेत्र के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई सोने-चांदी की ज्वैलरी, जिनमें हार, नथ, मांग टीका, पायल, बिछुए, अंगूठियां और मंगलसूत्र शामिल हैं, बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। इनके खिलाफ पूर्व में आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और चोरी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया गया है।

 

सहसपुर पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Spread the love
error: Content is protected !!