देहरादून/मुरादाबाद। कोटा से देहरादून आ रही नंदा देवी एक्सप्रेस को देवबंद से आगे जंगल क्षेत्र में करीब 10 हथियारबंद बदमाशों ने लूटने का प्रयास किया। हालांकि वे न तो ट्रेन को रोक पाए और न ही कोच के भीतर प्रवेश कर सके। घटना के बाद मुरादाबाद मंडल ने आरपीएफ को विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार घटना बुधवार तड़के करीब तीन बजे की है। नंदा देवी एक्सप्रेस देवबंद स्टेशन से रवाना हुई थी। स्टेशन मास्टर ने लोको पायलट को सूचना दी कि ट्रेन के दो कोच के बीच संदिग्ध लोग चढ़े हैं। इसके बाद तुरंत कोच अटेंडेंट्स को सतर्क किया गया।

कुछ अटेंडेंट्स ने लोको पायलट और आरपीएफ अधिकारियों को बताया कि करीब 10 हथियारबंद बदमाश कोच के बफर हिस्से में चढ़ गए हैं और ट्रेन रोकने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि नए कोचों में बफर से वैक्यूम रिलीज का विकल्प उपलब्ध नहीं होने के कारण वे ट्रेन को रोक नहीं पाए।

इस बीच सभी कोचों के दरवाजे लॉक कर दिए गए, जिससे बदमाश अंदर प्रवेश नहीं कर सके। कर्मचारियों को भनक लगने पर बदमाश ट्रेन से कूदकर फरार हो गए। ट्रेन में सवार हजारों यात्रियों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

रेलवे ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आरपीएफ से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। कोच अटेंडेंट्स के बयान दर्ज किए गए हैं और उनकी मदद से बदमाशों के स्केच तैयार कराए गए हैं। स्केच के आधार पर पहचान की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस की भी सहायता ली जा रही है और आरपीएफ की टीमें सर्च ऑपरेशन में जुटी हैं।

मुरादाबाद मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। मामले में उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए गए हैं और दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love
error: Content is protected !!