देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र में बीती देर रात लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई। बदमाशों के साथ मुठभेड़ में एक आरोपी की मौत हो गई, जबकि थाना प्रभारी प्रेमनगर नरेश राठौड़ गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।
क्या है पूरा मामला?
थाना प्रेमनगर को कंट्रोल रूम/एमडीटी के माध्यम से सूचना मिली कि अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति के साथ लूट की घटना को अंजाम दिया है और उसे गोली मार दी है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौड़ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
घायल व्यक्ति ने अपना नाम देवराज बताया। उसने पुलिस को बताया कि काले रंग की गुजरात नंबर की कार में सवार बदमाशों ने तमंचे की नोक पर उससे लूटपाट की। बदमाश उसके पास से नीले रंग का बैग ले गए, जिसमें करीब दो लाख रुपये नकद, एक मोबाइल फोन, हिसाब-किताब की डायरी, आईडी और अन्य जरूरी दस्तावेज थे। विरोध करने पर बदमाशों ने उसे गोली मार दी और विश्रांति की ओर फरार हो गए।
जंगल में हुई मुठभेड़
घायल को प्राथमिक उपचार दिलाने के बाद पुलिस ने बताए गए रास्ते पर बदमाशों का पीछा किया। कुछ दूर जंगल क्षेत्र में काले रंग की संदिग्ध कार दिखाई दी। पीछा करने पर कार सवारों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और वाहन छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले।
पुलिस द्वारा पीछा करने पर बदमाशों ने दोबारा फायरिंग की। इस दौरान एक गोली थाना प्रभारी नरेश राठौड़ को लगी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया, जबकि अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
इलाज के दौरान बदमाश की मौत
घायल बदमाश, पीड़ित देवराज और घायल थाना प्रभारी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रेमनगर लाया गया, जहां से तीनों को हायर सेंटर रेफर किया गया। बाद में घायल बदमाश को कोरोनेशन जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी देहरादून और एसपी सिटी घटनास्थल व अस्पताल पहुंचे। जनपद में सभी नाकों और बैरियरों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। जिले की सीमाओं पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है। फरार बदमाशों की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी है।
पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई और पूछताछ की जा रही है।
