देहरादून | सिल्वर सिटी मॉल में हुई विक्रम शर्मा की हत्या के मामले में फरार चल रहे झारखंड के छह आरोपियों पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। अपर पुलिस महानिदेशक वी. मुरुगेशन ने सभी छह आरोपियों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें विभिन्न राज्यों में दबिश दे रही हैं।
गौरतलब है कि 13 फरवरी को सिल्वर सिटी मॉल में जमशेदपुर के हिस्ट्रीशीटर रहे विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद डालनवाला थाने में हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने 19 फरवरी को जमशेदपुर से राजकुमार और 23 फरवरी को ग्रेटर नोएडा से अक्षत ठाकुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज की जांच में इस हत्याकांड में छह अन्य बदमाशों की संलिप्तता सामने आई थी। तभी से पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि आरोपियों के लगातार फरार रहने के कारण पुलिस ने न्यायालय से सभी छह के विरुद्ध गैर-जमानती वारंट प्राप्त किए हैं। साथ ही मुख्यालय को इनाम राशि बढ़ाने का प्रस्ताव भी भेजा गया था, जिसके बाद एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया।
इनामी आरोपी
अंकित वर्मा, थाना रोड टंगरा टोली, लोहरदगा
आशुतोष कुमार सिंह, मकान नंबर 65, आरपी पटेल स्कूल रोड, जमशेदपुर
विशाल सिंह, गाढ़ाबासा बागबेड़ा
आकाश कुमार प्रसाद, बजरंग टेकरी, बागबेड़ा
यशराज, गाढ़ाबासा, बागबेड़ा
जितेंद्र साहू, उलीडीह टैंक रोड
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि इन आरोपियों के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या कंट्रोल रूम को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
