देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति को लेकर एक बड़ा संकेत सामने आया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने स्पष्ट कहा है कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के चेहरे पर ही लड़ा जाएगा।
नितिन नवीन ने एक प्रमुख हिंदी न्यूज चैनल से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री धामी की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि सीएम धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड ने विकास के कई नए आयाम स्थापित किए हैं और प्रदेश में सुशासन (गुड गवर्नेंस) को नई दिशा मिली है।
“जन अपेक्षाओं पर खरे उतरे सीएम धामी”
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने जनता की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए पारदर्शी शासन व्यवस्था को मजबूत किया है। उनके कार्यकाल में सुदूर गांवों तक बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हुआ है और लोगों के जीवन स्तर में सुधार देखने को मिला है।
उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड की प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि हुई है और विकास कार्यों की गति तेज हुई है।
“विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा उत्तराखंड”
नितिन नवीन ने कहा कि हर राज्य की अपनी चुनौतियां होती हैं, लेकिन उत्तराखंड ने बीते वर्षों में तेजी से विकास किया है। उन्होंने कहा कि शासन व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के कारण राज्य ने सकारात्मक प्रगति की है।
शीर्ष नेतृत्व भी कर चुका है सराहना
गौरतलब है कि इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी कई मौकों पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यों की सराहना कर चुके हैं।
14 अप्रैल को देहरादून दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने भी सीएम धामी की प्रशंसा की थी। वहीं हल्द्वानी में आयोजित कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्हें “धुरंधर” की उपाधि दी थी। गृह मंत्री अमित शाह ने भी हरिद्वार दौरे के दौरान राज्य सरकार के कार्यों की सराहना की थी।
