देहरादून। घरेलू गैस को लेकर उपभोक्ताओं को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। गैस एजेंसियों के अनुसार बुकिंग के बाद औसतन 5 से 7 दिन के भीतर सिलिंडर घर तक पहुंचाया जा रहा है। हालांकि कुछ स्थानों पर दूसरे दिन डिलीवरी हो रही है तो कहीं-कहीं 8 से 10 दिन का समय भी लग रहा है।

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक गैस वितरण व्यवस्था में हरिद्वार के बाद देहरादून की स्थिति सबसे बेहतर मानी जा रही है। राजधानी में करीब 70 गैस एजेंसियां सक्रिय हैं। यहां भगवानपुर, हरिद्वार और लोनी स्थित बॉटलिंग प्लांटों से नियमित आपूर्ति की जा रही है।

अफवाह से बढ़ा दबाव

11 से 13 मार्च के बीच गैस की कमी को लेकर अफवाह फैलने के बाद अचानक बुकिंग में तेजी आ गई थी। इस दौरान 25 और 45 दिन का नियम लागू नहीं था, जिससे सर्वर पर अतिरिक्त लोड पड़ा और तेल कंपनियों के सॉफ्टवेयर प्रभावित हुए। अधिकारियों के अनुसार अब स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है।

यदि किसी दिन बॉटलिंग प्लांट बंद रहता है तो उस दिन की आपूर्ति प्रभावित होती है। इससे अगले दिनों में बैकलॉग बढ़ जाता है और डिलीवरी में देरी हो सकती है।

उत्तराखंड में गैस वितरण का औसत समय

हरिद्वार – 4.5 दिन

देहरादून – 5.22 दिन

ऋषिकेश – 5.7 दिन

टिहरी – 5.7 दिन

रुद्रपुर – 5.76 दिन

हल्द्वानी – 6.45 दिन

अल्मोड़ा – 6.83 दिन

अधिकारियों का कहना है कि आपूर्ति सामान्य है और उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है। नियमित प्रक्रिया के तहत सिलिंडर तय समय में उपलब्ध कराया जा रहा है।

Spread the love
error: Content is protected !!