नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल जिले के गेठिया क्षेत्र में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां उन्नाव से घूमने आए पर्यटकों की कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उन्नाव के पीतांबर नगर निवासी अंकित चौधरी अपने साथियों अभिराज, अतुल दुबे और श्याम के साथ कार (UP 78 SJ 4936) से जागेश्वर धाम के दर्शन के लिए जा रहे थे। हल्द्वानी से आगे बढ़ते हुए जैसे ही उनकी कार गेठिया क्षेत्र में पहुंची, अचानक वाहन नियंत्रण खो बैठा और गहरी खाई में गिर गया।

हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही तल्लीताल थाना पुलिस, दमकल विभाग और एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।

कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इस हादसे में अंकित चौधरी और अभिराज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अतुल दुबे और श्याम गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हल्द्वानी भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर हादसा वाहन के अनियंत्रित होने के कारण बताया जा रहा है। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।

Spread the love
error: Content is protected !!