देहरादून : उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक नर्स ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला का शव घर में पंखे से लटका मिला। इस मामले में एक आईटीबीपी जवान पर ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया गया है।
मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका पिछले चार साल से देहरादून में रह रही थी और एक निजी अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत थी। उसकी शादी करीब 15 साल पहले हुई थी और उसके दो बच्चे हैं, जबकि उसका पति बाहर नौकरी करता है।
बताया जा रहा है कि करीब 6 महीने पहले महिला की मुलाकात राजबीर नाम के व्यक्ति से हुई, जो भारत-तिब्बत सीमा पुलिस में कार्यरत है।
ब्लैकमेलिंग का आरोप
मृतका के भाई ने आरोप लगाया है कि आईटीबीपी जवान महिला को अपने साथ ले जाना चाहता था, लेकिन जब महिला ने इनकार कर दिया तो उसने उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
इसी मानसिक दबाव और प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने यह खौफनाक कदम उठाया। बताया गया कि महिला अपने दोनों बच्चों के साथ देहरादून में अकेली रह रही थी।
पुलिस की कार्रवाई
थाना बसंत विहार थाना प्रभारी अशोक राठौड़ ने बताया कि मृतका के भाई की शिकायत पर आरोपी राजवीर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, महिला ने 18 मार्च को आत्महत्या की थी और मामले की जांच जारी है।
