उत्तराखंड मौसम। उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 19 और 20 मार्च को प्रदेश के पर्वतीय और मैदानी इलाकों में मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में तेज बारिश और बर्फबारी को लेकर चेतावनी जारी की गई है, जिससे तापमान में गिरावट और ठंड बढ़ने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 19 मार्च को राज्य के अधिकांश पर्वतीय जनपदों में हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं, जबकि 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात हो सकता है। वहीं 20 मार्च को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथोरागढ़ जिलों में मध्यम वर्षा के साथ गर्जन और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। अन्य पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर के अनुसार यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण हो रहा है। 18 मार्च से राजस्थान में सक्रिय हो रहा यह पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के कई राज्यों में असर डालेगा, जिससे उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में भी तेज हवाएं और बारिश देखने को मिल सकती है।
इस बीच हिमाचल प्रदेश में ताजा पश्चिमी विक्षोभ के कारण भारी बर्फबारी और बारिश दर्ज की गई है, जिससे वहां ठंड एक बार फिर लौट आई है। लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चंबा की ऊंची चोटियों पर भारी हिमपात हुआ है, जबकि निचले इलाकों में भी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में उत्तराखंड समेत पूरे उत्तर भारत में मौसम का यह बदला हुआ मिजाज जारी रह सकता है।
