रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग के सिंद्रवाणी क्षेत्र में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। घर के आंगन में मां के साथ मौजूद पांच साल के मासूम को गुलदार मां के हाथ से झपटकर जंगल की ओर ले गया। घटना के बाद से गांव में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है।
यह दर्दनाक घटना रुद्रप्रयाग तहसील के न्याय पंचायत सारी अंतर्गत सिन्द्रवाणी गांव की है। बताया जा रहा है कि बच्चा अपनी मां के साथ घर के आंगन में था, तभी अचानक गुलदार ने हमला कर बच्चे को उठाया और जंगल की ओर भाग गया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और बच्चे की तलाश शुरू कर दी गई।
बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार और पांच फरवरी को क्षेत्र के आठ विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है। अवकाश घोषित किए गए विद्यालयों में राजकीय प्राथमिक विद्यालय चमसील, सारी, सिंद्रवाणी, झालीमठ, छिनका, हिलोरीधार, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय छिनका और जनता हाई स्कूल ककोड़ाखाल शामिल हैं। इसके साथ ही इन विद्यालयों के आसपास संचालित सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी दो दिन का अवकाश रहेगा।
घटना के बाद से ग्रामीण जंगल और आसपास के क्षेत्रों में बच्चे की तलाश में जुटे हुए हैं। पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन जारी है, हालांकि अभी तक बच्चे का कोई सुराग नहीं लग पाया है। गांव में डर के कारण लोग अपने बच्चों को घरों से बाहर नहीं निकलने दे रहे हैं।
इस संबंध में जिला पंचायत सदस्य जयवर्धन काण्डपाल ने कहा कि क्षेत्र में जंगली जानवरों और मानव संघर्ष की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द ठोस और स्थायी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
फिलहाल ग्रामीण प्रशासन से मदद की आस लगाए हुए हैं और पूरे क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।
