देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के कंडोली इलाके में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल में कार्यरत 32 वर्षीय अशोक (पुत्र प्रकाश चंद, निवासी भद्रकाली, कंडोली) ने अपने घर में कैनुला के जरिए जहर का इंजेक्शन लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट, शीशी, दो खाली सिरिंज और मोबाइल फोन बरामद हुआ है।
सूचना मिलने पर बिधौली चौकी प्रभारी प्रवीण सैनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, दरवाजा खोलने पर अशोक अपने कमरे में बिस्तर पर मृत अवस्था में पाया गया। उसके बाएं हाथ में कैनुला लगा हुआ था। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि उसने खुद को जहर का इंजेक्शन दिया।
पुलिस ने बताया कि सुसाइड नोट में अशोक ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया। उसने अपने मोबाइल और अन्य अकाउंट्स के पासवर्ड भी लिखे ताकि परिवार को किसी प्रकार की दिक्कत न हो। सुसाइड नोट में अशोक ने अपने पिता से माफी मांगते हुए लिखा—
“पापा, मैंने आपका दिल दुखाया, मुझे माफ करना। मेरी मोटरसाइकिल का ध्यान रखना और अकाउंट से पैसे निकालकर बहन की शादी कर देना।”
मौके पर फील्ड यूनिट को बुलाकर सभी साक्ष्य एकत्र किए गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी हुई है और सभी पहलुओं की छानबीन कर रही है।
