ऋषिकेश/टिहरी। मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के गूलर पुल पर मंगलवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। हरिद्वार से जोशीमठ जा रही यात्रियों से भरी विश्वनाथ सेवा की बस अनियंत्रित होकर करीब 120 फीट नीचे गूलर गाड़ नदी में जा गिरी। हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। पुलिस, एसडीआरएफ, आईटीबीपी और आपदा राहत दल ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर एक घंटे के भीतर सभी घायलों को बाहर निकाल लिया। पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 4:50 बजे चौकी गूलर के माध्यम से थाना मुनिकीरेती को बस नदी में गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही मुनिकीरेती और नरेंद्रनगर थाने की पुलिस, आपदा राहत दल, फायर सर्विस नरेंद्रनगर और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। शिवपुरी स्थित आईटीबीपी कैंप से जवान भी घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव अभियान में जुट गए। हादसे की गंभीरता को देखते हुए 108 एंबुलेंस के साथ ही स्थानीय अस्पतालों, निजी अस्पतालों, एलएंडटी और नवयुगा कंपनी की एंबुलेंस को भी मौके पर बुलाया गया। रेस्क्यू टीमों ने तत्काल घायलों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हादसे में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

 

सुबह 3:15 बजे हरिद्वार से चली थी बस

 

जानकारी के अनुसार, विश्वनाथ सेवा की बस संख्या यूके09पीए-9779 मंगलवार सुबह 3:15 बजे हरिद्वार से जोशीमठ के लिए रवाना हुई थी। बस में चालक समेत कुल 34 लोग सवार थे। बस को रुद्रप्रयाग जिले के क्यूरी पोखरी निवासी राजेंद्र सिंह (48) चला रहे थे। सुबह करीब 4:50 बजे बस गूलर पुल से लगभग 120 फीट नीचे गूलर गाड़ नदी में जा गिरी।

 

मृतकों में बस चालक और परिचालक भी शामिल

 

हादसे में जान गंवाने वालों में बस चालक राजेंद्र सिंह और परिचालक अनुज भंडारी भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, अब तक पांच मृतकों की पहचान हो चुकी है, जबकि चार अन्य मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पहचान किए गए मृतकों में विक्की (37) निवासी चंदौसी, संभल (उत्तर प्रदेश), पुन्नू (55) निवासी मैखंडी, टिहरी, राज राय निवासी पश्चिम वजीर, जलपाईगुड़ी (पश्चिम बंगाल), बस चालक राजेंद्र सिंह (48) निवासी क्यूरी पोखरी, रुद्रप्रयाग और परिचालक अनुज भंडारी (27) निवासी बढ़ल, शिवपुरी, मुनिकीरेती शामिल हैं।

 

दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू

 

पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद घटनास्थल से यात्रियों के सामान को सुरक्षित रखने के लिए चौकी गूलर में रखवाया गया है। घायलों का एम्स ऋषिकेश में उपचार चल रहा है। पुलिस मृतकों की शिनाख्त कराने के साथ ही हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Spread the love
error: Content is protected !!