हरियाणा के पर्यटकों की कार चमोली में सिमली-ग्वालदम मोटर मार्ग पर खाई में गिरी.
चमोली: जिले के सिमली-ग्वालदम मोटर मार्ग पर गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे थाला गधेरे के समीप एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. ग्वालदम से कर्णप्रयाग की ओर जा रहा हरियाणा नंबर का बोलेरो वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 300 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरा. हादसे के समय वाहन में चार युवक सवार थे. बोलेरो के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के बावजूद गनीमत रही कि चारों युवक बाल-बाल बच गए.
5 नवंबर को चमोली जिले के सिमली-ग्वालदम मोटर मार्ग पर हरियाणा नंबर की HR72L7498 संख्या बोलेरो वाहन थाला गधेरे के पास बेकाबू होकर 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरा. घटना की सूचना मिलते ही थाला और लोल्टी गांव के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों ने पुलिस और तहसील प्रशासन को घटना की जानकारी दी. सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया. इस दौरान टीम ने खाई में फंसे चारों युवकों को कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला और सड़क तक पहुंचाया. गनीमत रही चारों युवकों को सिर्फ चोटें ही आई.
रेस्क्यू के बाद चारों घायलों को 108 आपातकालीन सेवा की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली पहुंचाया गया. जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया. बताया गया कि एक युवक के कमर में हल्की चोट आई है, जबकि अन्य तीन युवक सुरक्षित हैं. वाहन सवार युवकों की पहचान 21 वर्षीय तनिष्क पुत्र अजय सिंह, 20 वर्षीय लोकेश पवार पुत्र नंदकिशोर, 20 वर्षीय सुभाष पुत्र किशन सिंह और 21 वर्षीय यश राधव पुत्र हरविंदर निवासी गुड़गांव, हरियाणा के रूप में हुई है.
वाहन दुर्घटना में सवार चारों युवकों को सुरक्षित रेस्क्यू कर उपचार के लिए सीएचसी थराली भेजा गया है. हादसे में बोलेरो वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. ग्रामीणों की तत्परता और पुलिस-एसडीआरएफ के संयुक्त रेस्क्यू से बड़ा हादसा टल गया.
-लक्ष्मण नेगी, ग्वालदम चौकी प्रभारी-
