देहरादून। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए दून पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर ने ज्वैलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ बैठक कर प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
बैठक में ज्वैलर्स को प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से सक्रिय रखने, खराब कैमरों को तत्काल दुरुस्त कराने तथा पुलिस सायरन और पैनिक बटन लगाने के निर्देश दिए गए। सुरक्षा के लिए प्रतिष्ठानों में गार्ड और रात के समय क्षेत्र में चौकीदार रखने पर भी जोर दिया गया।
पुलिस ने सभी ज्वैलर्स को अपने यहां कार्यरत कर्मचारियों का शत-प्रतिशत सत्यापन कराने तथा नए कर्मचारी को रखने से पहले उसकी पृष्ठभूमि की जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही हल्का प्रभारी और बीट पुलिसकर्मी का मोबाइल नंबर अपने पास रखने को कहा गया, ताकि किसी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को दी जा सके।
पुलिस अधीक्षक नगर ने प्रतिष्ठानों का सुरक्षा ऑडिट कराने पर भी जोर दिया, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में मौजूद कमियों को समय रहते दूर किया जा सके। बैठक में अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा के साथ ज्वैलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों से सुझाव भी लिए गए।
