बैंक में बंधक जमीन का सौदा कर 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप, शामली से दबोचे गए पिता-पुत्र
देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर फरार और ईनामी आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रायपुर पुलिस ने भूमि धोखाधड़ी के मामले में करीब डेढ़ वर्ष से फरार चल रहे 10-10 हजार रुपये के दो ईनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में सुभाष चंद्र शर्मा और उसका पुत्र दीपक शर्मा शामिल हैं। दोनों पर बैंक में बंधक संपत्ति का सौदा कर 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी में संलिप्त होने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, 28 अप्रैल 2025 को लक्ष्मी अग्रवाल निवासी नेसविला रोड, देहरादून ने थाना रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि अमन विहार, सहस्रधारा रोड निवासी उर्मिला शर्मा ने राजपुर क्षेत्र स्थित भूमि का सौदा 45 लाख रुपये में तय किया था। सौदे के एवज में शिकायतकर्ता से 40 लाख रुपये लेने के बाद उर्मिला शर्मा अचानक गायब हो गई। बाद में संपत्ति के संबंध में जानकारी जुटाने पर पता चला कि उक्त भूमि पहले से ही बैंक में बंधक थी और उस पर करीब 18 लाख रुपये का ऋण लिया गया था। आरोप है कि बैंक में बंधक संपत्ति को बेचने का झांसा देकर शिकायतकर्ता से 40 लाख रुपये हड़प लिए गए। शिकायत के आधार पर थाना रायपुर में मुकदमा दर्ज किया गया।
जांच में पति और पुत्र की भूमिका भी आई सामने
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने पुलिस को त्वरित साक्ष्य संकलन और आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। विवेचना के दौरान मुख्य आरोपी उर्मिला शर्मा के साथ उसके पति सुभाष चंद्र शर्मा और पुत्र दीपक शर्मा की संलिप्तता भी सामने आई।
गिरफ्तारी से बचने के लिए तीनों आरोपी लगातार फरार चल रहे थे। आरोपियों की लगातार फरारी को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने उनकी गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
शामली में छिपे होने की मिली सूचना
वर्तमान में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत थाना रायपुर पुलिस ने वांछित और ईनामी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की। पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को दोनों आरोपियों के शामली, उत्तर प्रदेश में छिपे होने की जानकारी मिली। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर सुभाष चंद्र शर्मा और दीपक शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मामले में नामजद मुख्य आरोपी उर्मिला शर्मा की पूर्व में ही मृत्यु हो चुकी है। पुलिस ने उसकी मृत्यु से संबंधित दस्तावेज भी आरोपियों से प्राप्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 1.सुभाष चंद्र शर्मा पुत्र रोशनलाल शर्मा, निवासी ग्राम नल्हेड़ा, थाना नकुड़, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश। वर्तमान पता—अमन विहार, गली नंबर 4, सहस्रधारा रोड, थाना रायपुर, देहरादून।
2.दीपक शर्मा पुत्र सुभाष चंद्र शर्मा, निवासी ग्राम नल्हेड़ा, थाना नकुड़, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश। वर्तमान पता—उपरोक्त।के रूप में हुई
