हरिद्वार। एसआईआर और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के प्रदर्शन के बीच उत्तराखंड में भी कांग्रेस की ओर से ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ यात्रा निकाली जा रही है। हरिद्वार में इस यात्रा के दौरान कांग्रेस के दो नेताओं के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मामला गाली-गलौज और हाथापाई तक पहुंच गया। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं को अलग कराया।
जानकारी के अनुसार, हरिद्वार में कांग्रेस की ओर से निकाली गई ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ यात्रा के दौरान लालढांग क्षेत्र निवासी पूर्व जिला पंचायत सदस्य गुरजीत लहरी और रुड़की क्षेत्र के कांग्रेस नेता जितेंद्र पंवार के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। पहले दोनों के बीच तीखी बहस हुई और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं को अलग किया। इस घटनाक्रम को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा होती रही।
बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को लेकर की गई टिप्पणी से हुई। पूर्व जिला पंचायत सदस्य गुरजीत लहरी का आरोप है कि जितेंद्र पंवार ने हरीश रावत के संबंध में टिप्पणी की थी। इसी बात पर उन्होंने आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
हालांकि, विवाद को लेकर दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे सामने आ सकते हैं। घटना के दौरान मौजूद कार्यकर्ताओं ने स्थिति को संभालते हुए दोनों नेताओं को अलग कराया।
