उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में भारी बारिश और बर्फबारी के बाद ट्रैक रूटों पर खतरा बढ़ गया है। पर्यटकों, ट्रेकरों और पर्वतारोहियों की सुरक्षा को देखते हुए गंगोत्री राष्ट्रीय पार्क प्रशासन ने गौमुख-तपोवन, केदारताल, गरतांग गली समेत पार्क क्षेत्र के सभी ट्रैक रूटों पर अग्रिम आदेश तक आवाजाही रोक दी है।
पार्क क्षेत्र में 26 और 27 सितंबर को अत्यधिक बारिश के साथ भारी हिमपात हुआ। इसके बाद उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ट्रैक रूटों की स्थिति जोखिमपूर्ण हो गई है। कई स्थानों पर रास्तों पर बर्फ जमने, फिसलन बढ़ने और मार्ग बाधित होने की आशंका बनी हुई है।
पार्क प्रशासन के आदेश के अनुसार गंगोत्री-गौमुख-तपोवन, गरतांग गली, केदारताल समेत विभिन्न ट्रैक रूटों पर मौजूदा मौसम और मार्ग की परिस्थितियां ट्रेकिंग के लिए अनुकूल नहीं हैं। वहीं, विभिन्न पर्वत चोटियों पर भारी हिमपात के कारण पर्वतारोहण के लिए जाने वाले लोगों के सामने भी मुश्किलें बढ़ गई हैं।
प्रशासन ने यात्रियों और पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पार्क क्षेत्र में प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया है। यह रोक अग्रिम आदेश तक लागू रहेगी। हालात सामान्य होने और मार्गों के सुरक्षित पाए जाने के बाद ही ट्रैक रूटों को दोबारा खोलने का निर्णय लिया जाएगा।
