एमबीबीएस में दाखिले के लिए कूटरचित आधार, डोमिसाइल और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी प्रमाण पत्र बनवाने का आरोप, अब तक पांच गिरफ्तार
देहरादून। नीट यूजी-2025 में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर एमबीबीएस में दाखिला दिलाने के मामले में एसआईटी ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय कुमार और गिरीश सिंह के रूप में हुई है। इस मामले में अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।13 सितंबर 2026 को थाना रायपुर और थाना क्लेमेंटाउन में कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाण पत्र बनवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन किए जाने के संबंध में अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए थे। जांच के दौरान आवेदकों की ओर से उपलब्ध कराए गए दस्तावेज फर्जी पाए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने निष्पक्ष जांच और गहन विवेचना के लिए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण-1 जया बलोनी के नेतृत्व में एसआईटी गठित की थी। एसआईटी ने जांच के दौरान प्रकरण से जुड़े दस्तावेज कब्जे में लिए। अभ्यर्थियों के दस्तावेजों में दर्ज पते भी गलत पाए गए। इसके बाद संबंधित शिक्षण संस्थानों से दस्तावेज हासिल किए गए, जिनके परीक्षण से अभ्यर्थियों के वास्तविक पतों की जानकारी मिली।
जांच में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर एसआईटी ने संजय कुमार और गिरीश सिंह को पूछताछ के लिए थाना रायपुर बुलाया। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
तीन अभ्यर्थियों के फर्जी दस्तावेज बनवाने का आरोप
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार संजय कुमार, गिरीश सिंह का वर्ष 2007 से परिचित है। आरोप है कि दोनों ने तीन अभ्यर्थियों—स्वाति, परी और खुशी—के कूटरचित दस्तावेज, आधार कार्ड, डोमिसाइल और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी प्रमाण पत्र बनवाने में सहयोग किया। इन दस्तावेजों के आधार पर मेडिकल कॉलेज में दाखिला दिलाने में मदद करने और इसके एवज में अनुचित धनराशि लेने का भी आरोप है। एसआईटी मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी
संजय कुमार (30) पुत्र सुमेर राम, निवासी सी/ओ राखी जायसवाल, 27 न्यू अमृत कौर रोड, द्वारिका स्टोर चौक, थाना डालनवाला, देहरादून। मूल निवासी ग्राम नानूपुर, आरटीओ ऑफिस के पास, थाना सारनाथ, जिला वाराणसी, उत्तर प्रदेश।
गिरीश सिंह (33) पुत्र रणजीत सिंह, निवासी सी/ओ विनोद शाह, मकान नंबर 553 एल-12, टपकेश्वर मंदिर लाइन, थाना गढ़ी कैंट, देहरादून। मूल निवासी पाताल भुवनेश्वर, थाना गंगोलीहाट, जिला पिथौरागढ़।
पहले गिरफ्तार हो चुके हैं तीन आरोपी
इस प्रकरण में एसआईटी पूर्व में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें रुपेश पंडित, अरविंद कुमार और धीरज कुमार श्रीवास्तव शामिल हैं।
