चमोली। नंदानगर में गुरुवार को बारिश के बीच अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा भरभराकर टूट गया। सितेल-सुतोल टैक्सी स्टैंड के पास हुए भूस्खलन के दौरान भारी मलबा और बड़े-बड़े पत्थर सड़क किनारे खड़े वाहनों पर जा गिरे। मलबे की चपेट में आने से दो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। अचानक पहाड़ी टूटने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

 

भूस्खलन की तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें पहाड़ी से लगातार मलबा और बड़े पत्थर गिरते नजर आ रहे हैं। जिस स्थान पर भूस्खलन हुआ, उसके ठीक नीचे सड़क होने के कारण खतरा और बढ़ गया है। इस मार्ग से वाहनों की आवाजाही भी बनी रहती है।

 

नंदानगर के एसआई मनोज भट्ट ने बताया कि सितेल एवं सुतोल टैक्सी स्टैंड के पास अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे गिरा। इसकी चपेट में आने से दो वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। फिलहाल किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।

 

पुलिस प्रशासन ने लोगों से प्रभावित क्षेत्र में नहीं जाने की अपील की है। मनोज भट्ट के मुताबिक पहाड़ी से अभी भी लगातार मलबा और बड़े पत्थर गिर रहे हैं, ऐसे में टैक्सी स्टैंड के पास जाना जोखिम भरा हो सकता है।

 

बारिश के दौरान चमोली जिले में भूस्खलन की घटनाएं लगातार परेशानी का कारण बनती हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में सड़कें, पैदल रास्ते और संपर्क मार्ग ग्रामीणों के लिए जरूरी कड़ी हैं। इनके बंद होने से ग्रामीणों को जरूरी काम के लिए कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है।

 

नंदानगर में टैक्सी स्टैंड के पास हुए इस भूस्खलन ने बारिश के मौसम में संवेदनशील पहाड़ियों और सड़क किनारे सुरक्षा इंतजामों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने ऐसे संवेदनशील स्थानों पर समय रहते सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग की है।

Spread the love
error: Content is protected !!