उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के नव-नियुक्त प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने कार्यभार संभालते ही अपनी तेज और परिणाममुखी कार्यशैली से सबको चौंका दिया है। महज एक महीने के भीतर उन्होंने कर्मचारियों की वर्षों से लंबित मांगों का निस्तारण कर निगम में विश्वास और उत्साह का नया माहौल तैयार किया है।
एक महीने में बड़े फैसले
प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार, एमडी के निर्देश पर निगम ने निम्न महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं:
27 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ दिया गया।
37 कर्मचारियों का स्थायीकरण किया गया।
36 कर्मचारियों को सुनिश्चित वित्तीय स्तरोन्नयन का लाभ मिला।
लगभग 450 लंबित चिकित्सा प्रतिपूर्ति मामलों का त्वरित निस्तारण किया गया।
युवा रोजगार पर फोकस
कर्मचारी हितों के साथ-साथ पी.सी. ध्यानी ने युवा रोजगार को भी प्राथमिकता दी है। उनके प्रयासों से 75 सहायक लेखाकार पदों पर सीधी भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके अलावा सहायक अभियंता, लेखाधिकारी, कार्मिक अधिकारी, विधि अधिकारी, अवर अभियंता, ड्राफ्ट्समैन सहित कुल करीब 115 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
कर्मचारी संगठनों ने की सराहना
UPCL की विभिन्न यूनियनों और कर्मचारी संगठनों ने प्रबंध निदेशक की कार्यशैली की सराहना की है। संगठनों का कहना है कि कर्मचारियों के हित में लिए गए ये निर्णय निगम में सकारात्मक बदलाव का संकेत हैं।
कर्मचारियों का मानना है कि एमडी की तेज निर्णय क्षमता और संवेदनशील प्रशासनिक दृष्टिकोण के कारण निगम में एक नई कार्य संस्कृति विकसित हो रही है, जिससे कार्य की गति और पारदर्शिता दोनों बढ़ी है।
पी.सी. ध्यानी के नेतृत्व में UPCL में कर्मचारी संतुष्टि और प्रशासनिक दक्षता दोनों को बल मिला है। एक महीने में हुए इन ऐतिहासिक फैसलों से निगम के भविष्य को लेकर कर्मचारियों में नई उम्मीद जगी है
