देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक फर्जी कॉल सेंटर का मुंबई पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मुंबई के मानखुर्द थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए देहरादून में संचालित इस अवैध कॉल सेंटर पर छापा मारकर 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 9 लैपटॉप, 13 मोबाइल फोन समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है।
निजी एयरलाइन में नौकरी दिलाने का दिया था झांसा
मामले का खुलासा मुंबई निवासी एक महिला की शिकायत के बाद हुआ। महिला ने पुलिस को बताया कि जनवरी-फरवरी के दौरान कुछ लोगों ने उसे निजी एयरलाइन में नौकरी दिलाने का झांसा देकर भर्ती प्रक्रिया के नाम पर करीब 2.5 लाख रुपये अपने बैंक खातों में ट्रांसफर करा लिए। पैसे लेने के बाद आरोपियों ने संपर्क करना बंद कर दिया।
जांच के बाद देहरादून में हुई छापेमारी
शिकायत के आधार पर मानखुर्द पुलिस ने जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और बैंक लेनदेन की पड़ताल के बाद पुलिस की टीम देहरादून पहुंची, जहां छापेमारी कर फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा किया गया। पुलिस ने मौके से 11 लोगों को गिरफ्तार करते हुए कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज जब्त किए हैं।
नौकरी तलाश रहे युवाओं को बनाते थे निशाना
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को प्रतिष्ठित निजी कंपनियों और एयरलाइंस में रोजगार दिलाने का झांसा देकर उनसे पंजीकरण, इंटरव्यू और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर मोटी रकम वसूलते थे।
अन्य ठिकानों की भी जांच जारी
मुंबई पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। यदि अन्य स्थानों पर भी इसी तरह के फर्जी कॉल सेंटर संचालित होने की जानकारी मिलती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।
देशभर में बढ़ रहे फर्जी कॉल सेंटर
गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों में देश के कई राज्यों में फर्जी कॉल सेंटर के जरिए साइबर ठगी के मामले सामने आए हैं। हाल ही में लखनऊ में भी पुलिस ने एक अंतरराष्ट्रीय फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए 119 लोगों को हिरासत में लिया था। ऐसे मामलों ने ऑनलाइन नौकरी और रिफंड के नाम पर होने वाली साइबर ठगी को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
