गदरपुर में राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के आरोप में युवक गिरफ्तार, STF की बड़ी कार्रवाई

 

देहरादून/उधमसिंहनगर। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने सोशल मीडिया के माध्यम से कथित रूप से कट्टरपंथी एवं राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में संलिप्त एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. सलाउद्दीन पुत्र अब्दुल मलिक, निवासी मजरासीला, गदरपुर (जनपद उधमसिंहनगर) के रूप में हुई है।

 

एसटीएफ के अनुसार गोपनीय सूचना के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन में इंस्टाग्राम, टेलीग्राम और सिग्नल जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कथित रूप से जिहादी और कट्टरपंथी विचारधारा से जुड़े समूह, चैट और सामग्री मिलने का दावा किया गया है।

 

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी युवाओं को प्रभावित कर उग्र विचारधारा की ओर प्रेरित करने का प्रयास कर रहा था। एसटीएफ के मुताबिक उसके कुछ संपर्क अंतरराष्ट्रीय और ट्रांस-बॉर्डर कट्टरपंथी तत्वों से होने की आशंका है, जिसकी विस्तृत जांच जारी है।

 

हथियार और विस्फोटक सामग्री भी बरामद

 

एसटीएफ की देर रात चली सर्च कार्रवाई के दौरान आरोपी की निशानदेही पर एक अंग्रेजी पिस्तौल, पांच कारतूस, चार डेटोनेटर और दो एके-47 के कारतूस बरामद किए गए हैं। जांच एजेंसियां हथियारों और विस्फोटक सामग्री के स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं।

 

पाकिस्तान-मलेशिया कनेक्शन की जांच

 

पूछताछ और तकनीकी जांच में यह जानकारी भी सामने आई है कि आरोपी को कथित रूप से पाकिस्तान समर्थित नेटवर्क द्वारा मलेशिया में बैठे एक हैंडलर के माध्यम से संचालित किया जा रहा था। एसटीएफ को आशंका है कि किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी चल रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी केंद्रीय और राज्य अभिसूचना एजेंसियों को सूचित कर दिया गया है।

 

इन धाराओं में मुकदमा दर्ज

 

एसटीएफ ने आरोपी के खिलाफ धारा 152 एवं 61(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(C) और 66(F) के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

 

आमजन से अपील

 

एसएसपी एसटीएफ ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति की देशविरोधी या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल एसटीएफ को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

 

एसटीएफ का कहना है कि मामले में अंतरराज्यीय नेटवर्क की भी जांच की जा रही है और उत्तर प्रदेश के रामपुर सहित अन्य स्थानों पर संभावित संपर्कों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

Spread the love
error: Content is protected !!