देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैबिनेट विस्तार के बाद मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया है। इस फेरबदल में जहां पांच नए मंत्रियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, वहीं चार पुराने मंत्रियों के विभागों में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं।
इन मंत्रियों से हटाए गए अहम विभाग
सरकार के इस फैसले में कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत से स्वास्थ्य विभाग, सतपाल महाराज से पंचायतीराज और जलागम, सुबोध उनियाल से तकनीकी शिक्षा व भाषा, तथा गणेश जोशी से ग्राम्य विकास विभाग वापस ले लिए गए हैं।
कुछ मंत्रियों के विभाग यथावत
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और सौरभ बहुगुणा के विभागों में कोई बदलाव नहीं किया गया है और वे पूर्व की भांति अपनी जिम्मेदारियां संभालते रहेंगे।
धन सिंह रावत से 9 साल बाद स्वास्थ्य विभाग हटा
डॉ. धन सिंह रावत से करीब नौ साल बाद स्वास्थ्य महकमा वापस लिया गया है। अब उनके पास विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, संस्कृत शिक्षा और सहकारिता विभाग की जिम्मेदारी रहेगी।
स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए कार्यों का जिक्र
डॉ. रावत ने बताया कि वर्ष 2017 से उनके पास शिक्षा के साथ स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी थी। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे के विस्तार, डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की नियुक्ति तथा दुर्गम क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए। उनके अनुसार विभाग में 10 हजार से अधिक पदों पर नियुक्तियां की गईं।
सियासी संतुलन साधने की कोशिश
माना जा रहा है कि यह फेरबदल सरकार द्वारा सियासी और प्रशासनिक संतुलन साधने की दिशा में उठाया गया कदम है। नए और पुराने मंत्रियों के बीच जिम्मेदारियों का यह बंटवारा आगामी समय में सरकार के कामकाज और सियासी समीकरणों पर भी असर डाल सकता है।
