देहरादून। भारी बारिश के चलते स्वारना नदी का जलस्तर बढ़ने से थान गांव, मिसरास पट्टी क्षेत्र में ट्रैकिंग के लिए गए UPES के छह छात्र जंगल में फंस गए। सूचना मिलने पर SDRF डाकपत्थर की रेस्क्यू टीम ने दुर्गम क्षेत्र में करीब छह किलोमीटर पैदल ट्रैकिंग कर सभी छात्रों को सकुशल रेस्क्यू कर लिया।
जानकारी के अनुसार 17 अगस्त को UPES के छह छात्र स्वारना नदी क्षेत्र में ट्रैकिंग के लिए गए थे। वापसी के दौरान अचानक तेज बारिश शुरू होने से नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया, जिसके चलते छात्र जंगल में फंस गए। इसकी सूचना मिलने पर SDRF डाकपत्थर की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।
दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और बढ़े हुए जलस्तर के बीच SDRF जवानों ने करीब छह किलोमीटर पैदल ट्रैकिंग कर छात्रों तक पहुंच बनाई। टीम ने सभी छह छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालकर जिला पुलिस के सुपुर्द किया। सभी छात्रों की स्थिति सामान्य बताई गई है।
रेस्क्यू किए गए छात्रों में जसप्रीत सिंह (20), निवासी राजौरी, जम्मू-कश्मीर; लालित शर्मा (21), निवासी जयपुर, राजस्थान; वंश वर्धन (22), निवासी केदरपुर, देहरादून; साहिल सोलंकी (21), निवासी देहरादून; ओम प्रकाश वारियर (21), निवासी नासिक, महाराष्ट्र; तथा हर्षशील सूद (22), निवासी कुल्लू, हिमाचल प्रदेश शामिल हैं।
SDRF डाकपत्थर की रेस्क्यू टीम ने प्रभारी अधिकारी सुरेश तोमर के नेतृत्व में अभियान चलाया। जिला प्रशासन ने बारिश के मौसम को देखते हुए पर्यटकों और छात्रों से नदी-नालों के आसपास जाने से बचने तथा मौसम का पूर्वानुमान देखने के बाद ही ट्रैकिंग पर निकलने की अपील की है।
