विकासनगर। शक्ति नहर में एक व्यक्ति के कूदने की सूचना पर एसडीआरएफ की टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाकर शव बरामद किया। मृतक की पहचान विमल धीमान (48) पुत्र स्वर्गीय शेर सिंह धीमान निवासी ग्राम पोंदा, नंदा की चौकी के पास, प्रेमनगर, देहरादून के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को कोतवाली विकासनगर की डाकपत्थर पुलिस चौकी को सूचना मिली कि शक्ति नहर के समीप एक व्यक्ति नहर में कूद गया है। सूचना पर एसडीआरएफ पोस्ट डाकपत्थर की टीम अपर उप निरीक्षक आशिक अली के नेतृत्व में आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और नहर में सघन तलाशी अभियान शुरू किया।
काफी तलाश के बाद एसडीआरएफ की टीम ने ढालीपुर इंटेक से व्यक्ति का शव बरामद किया। इसके बाद शव को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान विमल धीमान के रूप में की।
