देहरादून में नशे की लत के चलते एक बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी. घटना के बाद पुलिस जांच में जुटी है.
देहरादून: बीते 24 घंटे के भीतर एक के बाद एक तीन हत्याओं से राजधानी देहरादून दहल उठी है. वहीं नशे की लत ने एक बेटे को इस कदर अंधा कर दिया कि रुपये नहीं मिलने पर उसने अपने ही पिता की हत्या कर दी. देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र के चलांग कुल्हन में सोमवार शाम नशे के लिए रुपये मांगने को लेकर हुए विवाद में 35 वर्षीय नितिन राणा ने अपने पिता मदन राणा (62) पर चाकू से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल पिता ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है. साथ ही पुलिस द्बारा घटना के संबंध में अग्रिम कार्रवाई जारी है.
देहरादून में नशे की लत का खौफनाक चेहरा सामने आया है. राजपुर थाना क्षेत्र के चलांग कुल्हन में चंद रुपयों के विवाद में एक कलयुगी बेटे ने अपने ही पिता की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी. इस खूनी वारदात की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है.
नशे के पैसों के लिए पिता की चाकू मारकर की हत्या
सोमवार शाम करीब 7:15 बजे 112 के माध्यम से सूचना मिली कि चलांग कुल्हन निवासी मदन राणा को उनके बेटे ने चाकू मारकर घायल कर दिया है. सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को 108 एंबुलेंस की मदद से कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि नितिन राणा नशे का आदी है.
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी नितिन राणा को हिरासत में ले लिया. मौके पर एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं. साथ ही आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है.
-पीड़ी भट्ट, थाना राजपुर प्रभारी-
सोमवार शाम वह अपने भांजे ऋषभ रावत से नशे के लिए रुपये मांग रहा था. रुपये देने से इन्कार करने पर आरोपी दरांती लेकर भांजे पर हमला करने दौड़ा. ऋषभ ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई. इसी दौरान पिता मदन राणा बेटे को समझाने और रोकने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचे. पिता की डांट से गुस्साए नितिन ने उन पर चाकू से वार कर दिया. नशे की लत और रुपये को लेकर शुरू हुए विवाद में पिता की हत्या की इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई.
राजधानी देहरादून में पहली घटना: देहरादून के सुरी चौक पर बीते रोज लड़कों के बीच हुआ मामूली विवाद हो गया था. ये खूनी वारदात एक मां की गोद सूनी कर गया. विवाद में 15 साल के अर्श की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद अर्श के दोस्त ही उसे अनजान बनकर अस्पताल में भर्ती कराया और खुद वहां से फरार हो गए. परिजनों का शक अब दोस्तों पर ही गहरा रहा है. पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है.
राजधानी देहरादून में दूसरी घटना: बीते दिन देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र के तल्ला अधोईवाला में संपत्ति के विवाद में एक युवक पर खुखरी से ताबड़तोड़ वार कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई. मृतक की शिनाख्त गौरव के रूप में हुई है. वहीं हमले में गौरव का चचेरा भाई भी गंभीर रूप से जख्मी हुआ. घटना की सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. जिसके बाद पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी रही.
