उत्तराखंड मौसम अपडेट: उत्तराखंड में इन दिनों मौसम की आंखमिचौली देखने को मिल रही है। मार्च के महीने में पहाड़ी क्षेत्रों में भी गर्मी महसूस की जा रही है, लेकिन अब मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने प्रदेश के कुछ पर्वतीय जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बहुत हल्की बारिश हो सकती है। वहीं इन जिलों में 3800 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी होने की संभावना भी जताई गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 15 मार्च तक मौसम खराब बना रह सकता है। इस दौरान बादल छाने के साथ हल्की बारिश और कहीं-कहीं बर्फबारी देखने को मिल सकती है।

वहीं 11 से 13 मार्च के बीच उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में भी कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है। इन जिलों के 3800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है।

हालांकि मैदानी जिलों में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार मैदानों में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन बादल छाने और मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण पर्वतीय इलाकों में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है, जिससे तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

Spread the love
error: Content is protected !!