उत्तराखंड। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने पीसीएस मुख्य परीक्षा 2026 का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग द्वारा जारी सूचना के अनुसार, मुख्य परीक्षा 27 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 के बीच आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड 11 अप्रैल को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे।

आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि परीक्षा चार दिनों में विभिन्न विषयों के लिए आयोजित होगी।

परीक्षा कार्यक्रम इस प्रकार है:

27 अप्रैल: सामान्य हिंदी और निबंध

28 अप्रैल: सामान्य अध्ययन-1 और सामान्य अध्ययन-2

29 अप्रैल: सामान्य अध्ययन-3 और सामान्य अध्ययन-4

30 अप्रैल: सामान्य अध्ययन-5 और सामान्य अध्ययन-6

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि 5 फरवरी तक मुख्य परीक्षा शुल्क जमा न कराने वाले 41 अभ्यर्थियों को पीसीएस भर्ती प्रक्रिया से बाहर कर दिया गया है। इन सभी के आवेदन निरस्त कर दिए गए हैं।

उत्तराखंड न्यायिक सेवा (सिविल जज) मुख्य परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी

इसी बीच आयोग ने उत्तराखंड न्यायिक सेवा सिविल न्यायाधीश (कनिष्ठ श्रेणी) मुख्य परीक्षा के एडमिट कार्ड भी जारी कर दिए हैं। यह परीक्षा 21 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 के बीच हरिद्वार स्थित आयोग के परीक्षा भवन में आयोजित की जाएगी।

अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।

आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पर पहुंचने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Spread the love
error: Content is protected !!