देहरादून: होली के बाद देहरादून नगर निगम शहर में हाउस टैक्स वसूली के लिए बड़ा अभियान शुरू करने जा रहा है। वित्तीय वर्ष के अंतिम दिनों में अधिकतम राजस्व संग्रह के लक्ष्य के साथ हर वार्ड में विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इसके लिए नगर निगम देहरादून ने आठ टीमों का गठन किया है, जो बकायेदारों से सीधे संपर्क कर टैक्स जमा कराने की कार्रवाई करेंगी।

नगर निगम के अनुसार, रिमाइंडर और नोटिस के बावजूद भुगतान न करने वाले करदाताओं को अब अंतिम चेतावनी नोटिस दिया जाएगा। चेतावनी के 15 दिन के भीतर भी कर जमा नहीं करने पर संबंधित बकायेदार के खिलाफ आरसी (रिकवरी सर्टिफिकेट) जारी कर वसूली की कार्रवाई की जा सकती है।

जोनल कार्यालयों में लगेंगे अतिरिक्त काउंटर

वसूली प्रक्रिया को तेज करने के लिए नगर निगम के जोनल कार्यालयों में अतिरिक्त काउंटर भी लगाए जाएंगे, ताकि करदाता आसानी से अपना हाउस टैक्स जमा कर सकें।

व्हाट्सएप पर भेजे जा रहे बिल

नगर निगम ने करदाताओं की सुविधा के लिए डिजिटल व्यवस्था भी लागू कर दी है। अब भवन कर के बिल सीधे व्हाट्सएप पर भेजे जा रहे हैं। इनमें ऑनलाइन भुगतान के लिए लिंक और क्यूआर कोड भी शामिल है, जिससे करदाता घर बैठे ही आसानी से भुगतान कर सकेंगे।

बड़े बकायेदारों की सूची तैयार

पिछले माह महापौर सौरभ थपलियाल और नगर आयुक्त नमामी बंसल की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि कर वसूली को पारदर्शी और आसान बनाया जाए, ताकि नगर निगम के राजस्व में वृद्धि हो सके। इसी के तहत नगर निगम ने बड़े बकायेदारों की सूची भी तैयार कर ली है और उन पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

Spread the love
error: Content is protected !!