देहरादून। होली पर्व के दौरान यात्रियों को अपने घर पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए परिवहन निगम ने विशेष प्रोत्साहन योजना लागू की है। महाप्रबंधक (संचालन) क्रांति सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह योजना 27 फरवरी से 9 मार्च तक यानी कुल 11 दिनों तक प्रभावी रहेगी।
10 दिन लगातार ड्यूटी पर 1250 रुपये प्रोत्साहन
आदेश के मुताबिक, इस अवधि में लगातार 10 दिन तक बिना अवकाश कार्य करने वाले ड्राइवर और कंडक्टर को तय मानकों के अनुसार 1250 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।मानकों के तहत केवल मैदानी मार्गों पर औसतन प्रतिदिन 242 किमी संचालन, मिश्रित मार्गों पर औसतन 200 किमी, पर्वतीय मार्गों पर औसतन 180 किमी ओर 11 दिन लगातार सेवा पर 1500 रुपये दिए जाएंगे । जो कर्मचारी बिना एक भी अवकाश लिए पूरे 11 दिन लगातार सेवा देंगे, उन्हें अधिक प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके लिए न्यूनतम संचालन मानक तय किए गए हैं। जैसे केवल मैदानी मार्गों पर 2662 किमी, मैदानी-पर्वतीय मिश्रित मार्गों पर 2200 किमी, केवल पर्वतीय मार्गों पर 1980 किमी।
इन मानकों को पूरा करने पर संबंधित कर्मचारियों को 1500 रुपये प्रोत्साहन राशि मिलेगी।
होली के दिन अतिरिक्त लाभ
होली के दिन कार्यशाला से बस लेकर मार्ग पर जाने वाले ड्राइवर और कंडक्टर को 300 रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे।इसके अलावा, जिनका लोड फैक्टर 90 प्रतिशत से अधिक रहेगा, उन्हें 500 रुपये अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि मिलेगी।
अन्य कार्मिकों को भी मिलेगा लाभ
डिपो कार्यशाला के तकनीकी कर्मचारी, डीजल लिपिक, समयपाल, बैग इन-आउट लिपिक, चेकिंग लिपिक, कैशियर, स्टोरकीपर, काउंटर बुकिंग लिपिक, एमएसटी एवं अन्य पास बनाने वाले कर्मचारी तथा कार्यशाला में आउटसोर्स से कार्यरत कार्मिकों को भी योजना में शामिल किया गया है।
ये कर्मचारी यदि एक अवकाश लेकर 10 दिन तक कार्य करते हैं तो उन्हें 1000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यदि इस 11 दिन की अवधि में किसी कर्मचारी का साप्ताहिक अवकाश आता है तो वह अवकाश योजना अवधि समाप्त होने के बाद दिया जाएगा।
परिवहन निगम के इस निर्णय से जहां यात्रियों को त्योहार के दौरान बेहतर बस सेवा मिलने की उम्मीद है, वहीं कर्मचारियों में भी उत्साह का माहौल है।
