देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 14 अप्रैल को प्रस्तावित देहरादून दौरे से ठीक पहले राजधानी में आतंकी गतिविधियों से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत प्रेमनगर क्षेत्र से एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो पाकिस्तान में बैठे आकाओं को सैन्य और सरकारी प्रतिष्ठानों की लोकेशन व वीडियो भेज रहा था।
आरोपी के पास से अवैध हथियार बरामद
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विक्रांत कश्यप (29), निवासी झाझरा, प्रेमनगर के रूप में हुई है। उसके कब्जे से अवैध .32 बोर पिस्टल, सात जिंदा कारतूस, स्प्रे पेंट कैन और मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह के अनुसार आरोपी के संपर्क पाकिस्तान स्थित आतंकी नेटवर्क से जुड़े शहजाद भट्टी और उसके सहयोगी राणा से पाए गए हैं।
सोशल मीडिया के जरिये संपर्क
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के माध्यम से लगातार संपर्क में था। उनके निर्देश पर वह शहर के संवेदनशील स्थानों की रेकी कर रहा था।
उसने आईएसबीटी देहरादून और उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय समेत कई महत्वपूर्ण सरकारी भवनों की वीडियो फुटेज और लोकेशन पाकिस्तान भेजी।
दीवारों पर लिखे गए आपत्तिजनक संदेश
पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी को “तहरीक-ए-तालिबान-हिन्दुस्तान” के नाम से शहर की दीवारों पर स्प्रे पेंट कर दहशत फैलाने के निर्देश दिए गए थे। उसने कई स्थानों पर पेंटिंग कर उसकी वीडियो रिकॉर्डिंग अपने हैंडलर्स को भेजी।
नेपाल के रास्ते दुबई भेजने का लालच
एसटीएफ के अनुसार आरोपी को नेपाल के रास्ते दुबई भेजने और बदले में धनराशि देने का लालच दिया गया था। मोबाइल फोन से मिले डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर अन्य केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
पीएम दौरे को लेकर सुरक्षा कड़ी
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए देहरादून में पहले से ही बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की जा रही है। संवेदनशील स्थलों, मार्गों और कार्यक्रम स्थलों के आसपास पुलिस, खुफिया इकाइयों और केंद्रीय एजेंसियों की निगरानी बढ़ा दी गई है।
इस गिरफ्तारी के बाद शहर के प्रवेश मार्गों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और प्रमुख सरकारी परिसरों में चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है। आरोपी के खिलाफ प्रेमनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
