देहरादून। राजधानी देहरादून के व्यस्त तिब्बती मार्केट इलाके में बुधवार को दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

स्कूटी सवार बदमाशों ने मारी गोली
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दो युवक स्कूटी पर सवार होकर थाना डालनवाला क्षेत्र स्थित तिब्बती मार्केट के सामने पहुंचे और युवक को गोली मारकर फरार हो गए। घटना के समय बाजार क्षेत्र में काफी भीड़ मौजूद थी, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। घायल युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
टेनिस खेलकर घर लौट रहे थे अर्जुन शर्मा
मृतक की पहचान 40 वर्षीय अर्जुन शर्मा के रूप में हुई है, जो आईटीबीपी क्षेत्र के निवासी थे। पुलिस के मुताबिक अर्जुन जीएमएस रोड स्थित भारत गैस एजेंसी ‘अमर दीप’ के मालिक थे। वह रोज की तरह परेड ग्राउंड स्थित तिब्बती मार्केट के सामने टेनिस खेलने आए थे और खेल खत्म कर घर लौट रहे थे, तभी बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया।

करोड़ों की प्रॉपर्टी विवाद में हत्या की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच में करोड़ों रुपये की प्रॉपर्टी को लेकर विवाद इस हत्या की वजह बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि अर्जुन शर्मा और उनके भाई को उनकी मां ने संपत्ति से बेदखल कर रखा था, जिसके चलते लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए शहरभर में नाकेबंदी कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
