देहरादून: देहरादून में बुधवार देर रात अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 149 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया और करीब 40 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। साथ ही 67 वाहनों को सीज किया गया।
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि पुलिस अधीक्षक शहर प्रमोद कुमार के नेतृत्व में शहरभर में कई पुलिस टीमों को अभियान में लगाया गया। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, शराब पीकर वाहन चलाने, हुड़दंग करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। इनमें से 70 लोगों को हिरासत में लिया गया।
यातायात नियम तोड़ने वालों पर भी कार्रवाई
यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 143 वाहन चालकों से 86 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा 157 वाहनों के चालान किए गए।
बिना सत्यापन प्रतिष्ठानों में कर्मचारियों को रखने और किरायेदारों का सत्यापन न कराने पर संबंधित लोगों पर तीन लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
पीजी और हॉस्टल में आकस्मिक जांच
पुलिस ने पीजी और हॉस्टलों में भी आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया। एसएसपी ने छात्र-छात्राओं को सख्त हिदायत दी कि पढ़ाई की आड़ में किसी भी प्रकार का हुड़दंग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
