देहरादून। अपराध और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन क्रैकडाउन के तहत दून पुलिस ने गुरुवार को कोतवाली नगर क्षेत्र में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 49 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया और पूछताछ के लिए थाने पहुंचाया। पुलिस इन लोगों को दो बसों में भरकर थाने लेकर आई।

कई इलाकों में चला सघन अभियान

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने लक्ष्मण चौक चौकी क्षेत्र के कई इलाकों में सघन सत्यापन अभियान चलाया।

अभियान के तहत गांधी ग्राम, न्यू पार्क रोड, गुरुद्वारा रोड और मालवीय नगर क्षेत्रों में रह रहे बाहरी जनपदों और राज्यों के लोगों की पहचान और दस्तावेजों की जांच की गई।

469 लोगों का सत्यापन

पुलिस टीम ने अभियान के दौरान कुल 469 व्यक्तियों का सत्यापन किया। जांच के दौरान कई लोग ऐसे मिले जो अपनी पहचान से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके।

ऐसे 49 संदिग्ध व्यक्तियों को धारा 172 बीएनएसएस के तहत हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने लाया गया है।

92 मकान मालिकों पर कार्रवाई

अभियान के दौरान किरायेदारों का सत्यापन न कराने वाले 92 मकान मालिकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने पुलिस एक्ट की धारा 83 के तहत इन मकान मालिकों पर कुल 9 लाख 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।

इसके अलावा नियमों का उल्लंघन करने वाले 49 व्यक्तियों का चालान करते हुए पुलिस ने 12,250 रुपये का जुर्माना भी वसूला।

अभियान आगे भी रहेगा जारी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सत्यापन अभियान लगातार जारी रहेगा।

पुलिस ने मकान मालिकों से अपील की है कि वे अपने यहां रहने वाले किरायेदारों का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराएं, ताकि कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग हो सके।

Spread the love
error: Content is protected !!