देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग मुस्लिम यूनिवर्सिटी बनाने की बात करते थे, यदि वे उस समय सत्ता में होते तो उसी दिशा में आगे बढ़ते। उन्होंने कहा कि अब यह बात जनता के सामने पूरी तरह स्पष्ट हो चुकी है।
दून विश्वविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान विपक्ष से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह मामला सामने आया है, उससे स्थिति साफ हो गई है और प्रकरण में कार्रवाई की जाएगी।
सहसपुर जमीन मामले में जांच के आदेश
मदरसे के नाम पर ट्रस्ट को दी गई सहसपुर क्षेत्र की जमीन को अन्य लोगों को बेचे जाने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मामला गंभीर है और जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि “यदि जमीन नियम और व्यवस्था के अनुरूप नहीं पाई जाती है, तो नियम-कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। जरूरत पड़ी तो जमीन को सरकार में निहित किया जाएगा।”
डॉ. नित्यानंद की चिंताओं को आगे बढ़ाएगी सरकार
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस वर्ष डॉ. नित्यानंद की जन्म शताब्दी मनाई जा रही है। उन्होंने सीमांत क्षेत्रों में डेमोग्राफी में हो रहे बदलाव को लेकर बहुत पहले चिंता जताई थी।
सीएम ने कहा कि डॉ. नित्यानंद ने हिमालय और पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी महत्वपूर्ण शोध किए थे, और सरकार उनके इन शोध कार्यों को आगे बढ़ाने का कार्य करेगी।
मुख्यमंत्री के इस बयान को प्रदेश की राजनीति में अहम संकेत के रूप में देखा जा रहा है, खासकर जमीन और शिक्षा से जुड़े मामलों को लेकर।
