हरिद्वार: धार्मिक नगरी हरिद्वार में एक महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की गंभीर घटना सामने आई है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने होटल प्रबंधक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेशी के बाद तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पति से मिलने आई थी महिला
पुलिस के अनुसार घटना शनिवार देर शाम की है। पीड़िता का पति सिडकुल क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में कार्यरत है। बिजनौर निवासी महिला अपने पति से मिलने हरिद्वार आई थी।
बस अड्डे के पास से ले जाने का आरोप
आरोप है कि बस अड्डे के निकट एक ऑटो चालक ने महिला को बहला-फुसलाकर अपने वाहन में बैठा लिया। कुछ दूरी तय करने के बाद उसे एक कार में बैठाया गया। कार चालक महिला को शिवमूर्ति गली स्थित एक होटल में ले गया, जहां ऑटो चालक भी पहुंच गया।
पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मेडिकल परीक्षण और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
