हल्द्वानी : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान को मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताया। उन्होंने कहा कि यह कोई सामान्य स्वास्थ्य अभियान नहीं, बल्कि महिलाओं और बेटियों के सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री धामी राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस अभियान को प्रारंभ कर यह सिद्ध कर दिया है कि नारी सम्मान और सुरक्षा उनके लिए केवल नारा नहीं, बल्कि अटल और दृढ़ संकल्प है।
सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दिशा में पहल
मुख्यमंत्री ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर आज देश की मातृशक्ति के स्वास्थ्य के लिए एक गंभीर चुनौती बन चुका है और हजारों परिवारों के लिए पीड़ा का कारण है। इसी गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय स्तर पर टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है, ताकि इस बीमारी की रोकथाम सुनिश्चित की जा सके और आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य प्रदान किया जा सके।
उत्तराखंड में 155 केंद्रों पर टीकाकरण
राज्य में अभियान के पहले चरण में 155 केंद्रों पर व्यापक स्तर पर टीकाकरण की व्यवस्था की गई है। अभियान की सफलता के लिए डॉक्टरों, नर्सों, एएनएम, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया गया है। साथ ही कोल्ड चेन व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया गया है।
कार्यक्रम स्थल पर सात बालिकाओं का टीकाकरण कर अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री की उपस्थिति में तीन पानी निवासी हाईस्कूल की छात्रा खुशबू पंत को सबसे पहले टीका लगाया गया।
नैनीताल जिले की 40 योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नैनीताल जिले से जुड़ी 40 विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण भी किया। इनमें हल्द्वानी-काठगोदाम पेयजल पुनर्गठन योजना का शिलान्यास प्रमुख रहा।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह अभियान उत्तराखंड में महिलाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
