हरिद्वार। उत्तराखंड सरकार के चार साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हरिद्वार पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पांच लोगों को भारत की नागरिकता के प्रमाणपत्र प्रदान किए और जनसभा को संबोधित करते हुए घुसपैठ के मुद्दे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा।

गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि जो लोग भारत के नागरिक नहीं हैं, उन्हें देश से बाहर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि घुसपैठ को समाप्त करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्हें हर चीज में नकारात्मकता दिखाई देती है, जबकि पिछले नौ वर्षों में भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा है।

शाह ने कहा कि देश में तुष्टिकरण की राजनीति को समाप्त करने का काम भाजपा सरकार ने किया है। उन्होंने यह भी कहा कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बन गया है। इसके साथ ही जनसांख्यिकीय असंतुलन को रोकने के लिए हाई पावर कमेटी बनाने का निर्णय लिया गया है, जो जल्द ही अपना काम शुरू करेगी।

कांग्रेस से हिसाब मांगने की बात

अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस से विकास कार्यों का हिसाब मांगना चाहिए। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 से 2016 के बीच केंद्र सरकार ने राज्य में करीब 1 लाख 87 हजार करोड़ रुपये का निवेश किया। इसके अलावा केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के विकास के लिए 12 हजार करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। साथ ही दिल्ली-देहरादून मार्ग और 30 राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण भी किया गया है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2009 से 2014 के बीच राज्य का औसत बजट 187 करोड़ रुपये था, जबकि भाजपा सरकार के नौ वर्षों में इसे बढ़ाकर 4 हजार 770 करोड़ रुपये कर दिया गया। वहीं प्रति व्यक्ति आय भी वर्ष 2014 में 1.25 लाख रुपये से बढ़कर 2.73 लाख रुपये हो गई है। राज्य की जीएसडीपी भी बढ़कर 3.50 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।

तीसरी बार मौका देने की अपील

अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस ने राज्य को बिखेरने का काम किया, जबकि भाजपा सरकार ने विकास को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि 2027 में जनता भाजपा को तीसरी बार मौका दे, ताकि देवभूमि उत्तराखंड को देश में नंबर एक राज्य बनाया जा सके।

पारंपरिक टोपी पहनाकर किया स्वागत

देवभूमि उत्तराखंड आगमन पर जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय गृह मंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट किया और राज्य की सांस्कृतिक पहचान के प्रतीक के रूप में पारंपरिक टोपी पहनाकर सम्मानित किया।

इसके बाद गृह मंत्री हरिद्वार पहुंचे, जहां उन्होंने ई-जीरो एफआईआर प्रणाली का उद्घाटन किया। 1930 हेल्पलाइन के माध्यम से पहली एफआईआर अल्मोड़ा निवासी द्वारा धोखाधड़ी के मामले में दर्ज कराई गई।

पांच लोगों को मिला नागरिकता प्रमाणपत्र

कार्यक्रम के दौरान पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आए शरणार्थियों शैलेष, जसपाल परमार, दुर्गा लाली राजपूत और हसेरी बाई को भारतीय नागरिकता के प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। इसके अलावा राष्ट्रीय सेवा मिशन के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच पुलिस आरक्षियों को भी सम्मानित किया गया।

गृह मंत्री अमित शाह ने इस अवसर पर करीब 1100 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया। वहीं नई नियुक्ति पाने वाले 2000 पुलिस कर्मियों ने उनका स्वागत किया।

विभिन्न कार्यक्रमों में लिया भाग

हरिद्वार दौरे के दौरान अमित शाह ने उत्तराखंड सरकार के “चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने वैरागी द्वीप में आयोजित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस प्रदर्शनी में राज्य सरकार के चार वर्षों के कार्यों और योजनाओं की झलक प्रस्तुत की गई है।

इस दौरान 312.31 करोड़ रुपये की 19 परियोजनाओं का शिलान्यास और 115.09 करोड़ रुपये की 32 परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया।

राज्य सरकार ने अपने चार साल के कार्यकाल में समान नागरिक संहिता, सख्त नकलरोधी कानून, जबरन धर्मांतरण रोकथाम कानून, दंगारोधी कानून, भू-कानून, नए आपराधिक कानूनों को लागू करने, उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा विधेयक और अग्निवीरों को 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण जैसे फैसले लिए हैं।

साढ़े चार घंटे का रहा कार्यक्रम

गृह मंत्री अमित शाह का हरिद्वार दौरा करीब 4 घंटे 15 मिनट का रहा। इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करने के साथ विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया और बाद में एक निजी होटल में पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ बैठक भी की।

Spread the love
error: Content is protected !!