हल्द्वानी। बरेली रोड स्थित गल्ला मंडी में हुए दोहरे हत्याकांड के बाद मृतकों की पहचान और पारिवारिक पृष्ठभूमि से जुड़े तथ्य सामने आए हैं। 19 वर्षीय लक्ष्मी पोखरिया और 31 वर्षीय शुभम टम्टा की जिंदगी के अलग-अलग संघर्षों ने इस घटना को और भी संवेदनशील बना दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

पढ़ाई में अव्वल थी लक्ष्मी, खुद खर्च निकालने को करती थी नौकरी

ओखलकांडा के दुर्गम क्षेत्र मल्ली पोखरी निवासी लक्ष्मी पोखरिया पढ़ाई में बेहद होनहार बताई गई हैं। दसवीं में 90% और बारहवीं में 88% अंक प्राप्त करने के बाद वह उच्च शिक्षा के लिए हल्द्वानी आई थीं। वह एमबीपीजी कॉलेज में बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा थीं और गौजाजाली क्षेत्र में सौतेले भाई के पास रह रही थीं।

परिजनों के अनुसार बेहतर पढ़ाई के लिए वह गांव से शहर आई थीं। खर्च निकालने के लिए मेडिकल स्टोर में काम करती थीं। बड़े भाई सुरेश पोखरिया ने बताया कि पिता हेमचंद्र पोखरिया पुरोहित हैं। पारिवारिक परिस्थितियों के चलते लक्ष्मी पिछले पांच माह से मुखानी क्षेत्र में किराए के कमरे में रहने लगी थीं। डेढ़ माह से परिवार की उनसे बातचीत भी नहीं हो पाई थी। पुलिस की सूचना पर परिवार पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा।

शुभम टम्टा: नशा मुक्ति केंद्र में काम कर चुका था

दूसरे मृतक शुभम टम्टा (31) मूल रूप से अल्मोड़ा लोवर माल रोड तल्ला खोल्टा के निवासी थे और हल्द्वानी के डहरिया ओम विहार कॉलोनी में अकेले रहते थे। उनके पिता किशोरी लाल डाक विभाग में कर्मचारी थे, जबकि माता भागीरथी देवी पूर्व प्रधान रहीं।

परिवार के अनुसार शुभम कुछ वर्ष पहले नशे की लत में फंस गए थे, जिसके बाद उन्हें कटघरिया लामाचौड़ स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया। वहां इलाज के बाद वे सुधरे और उसी केंद्र में सुपरवाइजर के रूप में कार्य करने लगे। बाद में दूसरे नशा मुक्ति केंद्र में काउंसलर की नौकरी भी की, जिसे चार माह पहले छोड़ दिया था।

पुलिस के अनुसार वर्ष 2021 में अल्मोड़ा में उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। नशे की लत के कारण उन्होंने पारिवारिक जेवर तक बेच दिए थे, जिसके बाद परिवार ने उन्हें नशा मुक्ति केंद्र भेजा था।

पुलिस जांच जारी

दोनों की पृष्ठभूमि सामने आने के बाद पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि कॉल डिटेल, आपसी संपर्क और हालिया गतिविधियों की पड़ताल की जा रही है। मामले के जल्द खुलासे का दावा किया गया है।

इस दोहरे हत्याकांड ने न केवल शहर बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी चिंता और दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

Spread the love
error: Content is protected !!