गैरसैंण। उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में शुरू हो रहा है। सत्र के पहले दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सदन में राज्य का बजट पेश करेंगे। अनुमान है कि मुख्यमंत्री लगभग तीन बजे बजट प्रस्तुत करेंगे।
प्रदेश में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में इस बार के बजट में चुनावी असर भी देखने को मिल सकता है। माना जा रहा है कि सरकार बजट में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कर सकती है।
रविवार शाम विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी की अध्यक्षता में हुई कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में बजट सत्र के एजेंडे पर चर्चा की गई। बैठक के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि फिलहाल सत्र के लिए दो दिन का एजेंडा तय किया गया है। मंगलवार को फिर बैठक होगी, जिसमें आगे के कार्यक्रम पर निर्णय लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बजट सत्र की शुरुआत राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) के अभिभाषण के साथ होगी। इसके बाद भोजनावकाश के पश्चात विधानसभा अध्यक्ष राज्यपाल के अभिभाषण का पाठ करेंगी और उसके बाद मुख्यमंत्री सदन में बजट पेश करेंगे।
मंगलवार को प्रश्नकाल और शून्यकाल के बाद राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा होगी तथा धन्यवाद प्रस्ताव भी प्रस्तुत किया जाएगा। इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने रविवार को गैरसैंण पहुंचकर विधानसभा मंडप और सचिवालय परिसर का निरीक्षण भी किया।
कांग्रेस का बहिष्कार जारी
कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में संसदीय कार्यमंत्री सुबोध उनियाल, विधायक खजानदास, उमेश शर्मा काऊ और बसपा विधायक मोहम्मद शहजाद मौजूद रहे। वहीं कांग्रेस ने इस बैठक का बहिष्कार जारी रखा।
गैरसैंण में दूसरी बार पेश होगा चुनावी बजट
राज्य के इतिहास में दूसरी बार गैरसैंण में चुनावी बजट पेश किया जाएगा। इससे पहले 2021 में पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अपनी सरकार का आखिरी बजट गैरसैंण विधानसभा में पेश किया था। अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी अपनी सरकार का अंतिम बजट सत्र गैरसैंण में पेश करने जा रहे हैं।
भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए पेश होने वाले बजट का आकार एक लाख 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान है। वित्त विभाग के सूत्रों के अनुसार बजट को अंतिम रूप दे दिया गया है। मौजूदा सरकार का यह आखिरी बजट सत्र होने और अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होने के कारण लोगों की इस बजट से काफी उम्मीदें हैं।
